निरंकारी मिशन का जोन स्तरीय महिला समागम हुआ मथुरा में

आध्यात्म से होगा घर परिवार समाज का माहौल सुंदर - अनिता वाधवा
News

2023-12-30 15:28:18

मथुरा जनपद में संत निरंकारी मिशन द्वारा महिलाओं को आध्यात्म से जोड़ने के लिए जोन स्तर का महिला समागम मथुरा के हाइवे नवादा स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित किया गया, जिसमें दिल्ली से आयी निरंकारी प्रचारिका बहन अनिता वाधवा ने सत्गुरू माता सुदीक्षा का संदेश देते हुए कहा कि घर परिवार और समाज का माहौल सुंदर और आनंदमय बनाना है तो आध्यात्म को अपनाना होगा।उन्होंने कहा कि एक महिला विविध भूमिकाएं निभाती है, जो बेटी, बहन, पत्नी और मां के रूप में अपनी अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करती है। बच्चों के प्रारंभिक जीवन को संवारने का कार्य भी एक महिला मां के रूप में करती है, इसलिए महिलाओं की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है कि वह बच्चों और परिवार को क्या देना चाहती हैं।

निरंकारी प्रचारिका बहन अनिता वाधवा जी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में हर परिवार को सही माहौल जरूरी है, इसके लिए सर्वप्रथम महिलाएं आध्यात्म से जुड़े जिससे घर परिवार का वातावरण सुंदर और सुखद बने। जीवन में बदलाव के लिए सत्संग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सत्गुरू से ब्रह्मज्ञान प्राप्त करें, क्योंकि परमतत्व परमात्मा का बोध हमें मानवीय गुणों से सुशोभित करता है।इस मौके पर आयी मथुरा के महिला थाने में तैनात थाना प्रभारी निरीक्षक अलका ठाकुर ने महिलाओं को जागृति प्रदान करते हुए कहा कि महिलाएं घर के काम करने के साथ अपनी सेहत का भी ध्यान रखें, व्यायाम करें। हर जगह सचेत रहें, साथ ही मानसिक तनाव से बचने के लिए अच्छे साहित्य पढ़ें।

सत्संग में नारीशक्ति ने गीत, भजन, कविताओं और विचारों के माध्यम से सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज की शिक्षाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दी।निरंकारी प्रतिनिधि किशोर स्वर्ण ने बताया कि समागम में अलीगढ़, कासगंज, सादाबाद, हाथरस, बुलंदशहर आदि नगरों की सैंकड़ों महिलाओं के साथ अनेक समाजसेवी संस्थाओं की महिलाओं संग मिशन स्माइल की अध्यक्षा बहन गीता नाथानी और महासचिव बहन अनिता चावला ने भागीदारी की। जोनल इंचार्ज एचके अरोड़ा ने निरंकारी मिशन के बारे में बताया और सभी का आभार प्रकट किया। संचालन बहन सादिका त्रिपाठी और बहन शिवानी ने किया।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion