2026-02-02 15:15:09
नारनौल। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया है। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं की सराहना करते हुए कहा कि बजट में 10 विषयों में संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए नए संस्थानों की स्थापना और 1.5 लाख बहुकुशल देखभाल कर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य सराहनीय है।
उन्होंने उत्तर भारत में निमहंस-2 (राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान)
की स्थापना और जिला अस्पतालों में आपातकालीन व ट्रॉमा केयर सुविधाओं के विस्तार के निर्णय का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि आयुष क्षेत्र में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों का उन्नयन भारत को वैश्विक चिकित्सा पर्यटन का केंद्र बनाएगा। यह बजट न केवल स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि समावेशी विकास के संकल्प को भी सिद्ध करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक विस्तार देना स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बजट में पोषक भारत और मिशन इन्द्रधनुष के सुदृढ़ीकरण के बारे में कहा कि इससे हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में और कमी आएगी। इसके अलावा, दवाओं के कच्चे माल के स्थानीय उत्पादन के लिए दी गई रियायतों से जीवन रक्षक दवाएं सस्ती होंगी, जिसका सीधा लाभ आम आदमी को मिलेगा।
युवा शक्ति को समर्पित बजट : कंवर सिंह यादव
महेंद्रगढ़, 1 फरवरी। महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे युवा शक्ति को समर्पित बजट बताया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार सृजन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए लगभग 350 व्यापक आर्थिक सुधार किए हैं, जिनमें जीएसटी का सरलीकरण और श्रम संहिताओं का विवेकीकरण शामिल है। विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10,000 करोड़ की समर्पित एसएमई विकास निधि और कारपोरेट मित्र जैसी पहल युवाओं के लिए उद्यमशीलता के नए द्वार खोलेगी। विधायक ने कहा कि शिक्षा से रोजगार को जोड़ने के लिए उच्च अधिकार प्राप्त स्थायी समिति का गठन और 15,000 माध्यमिक विद्यालयों में एवीजीसी प्रयोगशालाओं की स्थापना युवाओं को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करेगी।
श्री यादव ने बताया कि बजट में कौशल भारत मिशन 2.0 के तहत अत्याधुनिक तकनीकों जैसे एआई और रोबोटिक्स में युवाओं को प्रशिक्षित करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जैसे क्षेत्र के युवाओं के लिए मुद्रा योजना की सीमा बढ़ाना और स्टार्टअप्स के लिए टैक्स हॉलिडे की घोषणा करना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
यह बजट न केवल नौकरियों की तलाश करने वाले युवाओं को तैयार करेगा, बल्कि उन्हें जॉब गिवर (रोजगार प्रदाता) बनाने के लिए आवश्यक वित्तीय संबल भी प्रदान करेगा।