2025-01-18 18:04:26
रेवाड़ी : अतिरिक्त उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने कहा है कि हमारा संविधान हर भारतीय के अस्तित्व का आधार संजोए है। भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जिसके लागू होने से भारत एक गणराज्य बना था।शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान प्रस्तावना का वाचन करवाते हुए उन्होंने यह बात कही। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि हमारा संविधान केवल कानूनों का एक संग्रह नहीं है। ये भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है। ये हमें अधिकार देता है, तो उसके साथ अपने कर्तव्य भी याद दिलाता है। भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने इस बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके साथ संविधान सभा के अन्य सदस्य थे जिन्होंने ये सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश रखी कि हमें एक ऐसा संविधान मिले जो सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय प्रदान करे। सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप अपनी प्रगतिशील सामाजिक और आर्थिक नीतियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से प्रजातांत्रिक सिद्धांतों को निरंतर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। इस वर्ष हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान थीम को जहन में रखकर नियमित रूप से कार्यक्रमों का आयोजन होगा। संविधान दिवस का मतलब देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। हमारे संविधान की प्रस्तावना में लिखे वाक्य पूरे भारत के जनगण का प्रतिनिधित्व करते है। यह एकता की अपील है, अखंडता की प्रतिज्ञा है और गणतंत्र में जन-जन के विश्वास की अभिव्यक्ति है, जिसे मदर ऑफ डेमोक्रेसी कहा जाता है। इस अवसर पर जिले के मुख्यालय तथा उपमंडल स्थित विभिन्न कार्यालय में सभी अधिकारी और कर्मचारियों को हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान प्रस्तावना का वाचन करवाया गया और वक्तव्य दिए गए। इस अवसर पर सभी उपमंडलाधीश, सीटीएम प्रीति रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।