2023-09-01 16:25:36
रामपुर। पेशकार की बेटी की मेहनत ने रंग दिखा दिया। पहले ही प्रयास में रामपुर की श्वेता कश्यप ने पीसीएस-जे में सफलता अर्जित कर ली है। 193 रैंक आई है। उनकी इस सफलता से परिवार में जश्न सा माहौल है। सिविल लाइंस क्षेत्र के डायमंड सिनेमा के पास शक्तिपुरम निवासी मनोज कुमार मुरादाबाद स्थित एडिशनल सिविल जज की कोर्ट में पेशकार हैं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें श्वेता सबसे बड़ी बेटी हैं। श्वेता को शुरू से ही न्याय विभाग में जाने की चाहत थी। लिहाजा, उन्होंने अमरोहा कालेज से लॉ में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद पीसीएस-जे की तैयारी में जुट गईं। बताया कि पहले ही प्रयास में उन्होंने पीसीएस-जे की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। आज शाम जब परिणाम घोषित हुआ तो घर में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पीसीएस जे उत्तीर्ण करने पर पेशकार की बेटी अब न्यायिक अफसर बन सकेगी, इसे लेकर समाज के लोगो में उत्साह और खुशी पहुंचे हुए हैं। घर में खुशी का माहौल है। लायंस क्लब आफ रामपुर के अध्यक्ष एडवोकेट विनोद कुमार ने बुके देकर बेटी का स्वागत किया। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। वहीं, आसपास के लोग भी बधाई देने घर पहुंचे।