2023-12-19 13:56:24
लखनऊ। स्मारकों संग्रहालय पार्को और उपवनों आदि की सुरक्षा अनुरक्षण व्यवस्था में लगे हुए हजारों कर्मचारियों ने एलडीए मुख्यालय गोमती नगर ऑफिस गेट नंबर 2 पर धरना शुरू कर दिया। यह कर्मचारी पार्कों संग्रहालय और उपवन स्मारकों पर लंबे समय से कार्य कर रहे हैं। इन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पुनरीक्षित वेतनमान का लाभ दिया जाना चाहिए, कर्मचारियों की मृतक आश्रितों को नौकरी नहीं दी जा रही है जिसका लाभ भी उन्हें प्राप्त होना चाहिए। पदोन्नति का लाभ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ बोनस आदि मांगों को लेकर के यह कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं।
लखनऊ विकास प्राधिकरण गोमती नगर मुख्यालय गेट नंबर 2 पर हजारों की संख्या में जमा हुए कर्मचारियों ने कहा कि हमारी ड्यूटी जगह-जगह लगाई जाती है। हमें परमानेंट क्यों नहीं किया जा रहा है? इतने कम वेतन में लखनऊ जैसे शहर में रह पाना मुश्किल हो रहा है। चिकित्सा सुविधा न मिलने से माता-पिता और बच्चों का इलाज नहीं कराया जा पा रहा है ।यहां तक की स्वयं को भी चिकित्सा अवकाश उपलब्ध नहीं है। सरकार यदि सबका साथ सबका विकास का नारा दे रही है तो हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों? सरकार के सभी कार्यों में स्मारक उपवन संग्रहालय पार्क के कर्मचारियों की ड्यूटी तो लगाई जा रही है लेकिन वेतन बढ़ोतरी नहीं की जा रही है।
कर्मचारियों ने कहा कि पूर्व में भी धरना किया गया जिसमें सरकार के भिन्न-भिन्न विभागों द्वारा एक दूसरे पर स्मारक कर्मचारियों के भविष्य निर्धारण का कोरा आश्वासन दिया गया। कर्मचारी वर्तमान संत योगी सरकार उसे अपनी मांगे पूरी होने की उम्मीद रखते हैं। कर्मचारी शांतिपूर्ण ढंग से एल डी ए मुख्यालय गेट नंबर 2 गोमती नगर पर तब तक जमे रहेंगे जब तक उन्हें मांगे पूरी होने का शासनादेश नहीं दिया जाता। धरने में काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी उपस्थित रही। खबर लिखे जाने तक स्मारक समिति कर्मचारी धरने पर जमे हुए थे।