2023-09-28 14:21:44
जिला रामगढ़ के रजरप्पा कोयलांचल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में विद्यालय अध्यक्ष उपेंद्र नारायण प्रसाद के नेतृत्व में आचार्य एवं विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई।मुख्य अतिथि परियोजना पदाधिकारी सह अध्यक्ष उपेंद्र नारायण प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। अतः खेलकूद छात्रों के शारीरिक विकास के लिए बहुत ही जरूरी है।विद्या विकास समिति, झारखण्ड के विभाग प्रमुख फणीन्द्रनाथ झा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है। विद्या भारती के पाँच प्रमुख केंद्रीय विषयों में एक शारीरिक शिक्षा है, जिसके अंतर्गत प्रतिवर्ष विद्यालय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न खेलकूद एवं एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती है।
इसी कड़ी में इस वर्ष 17-19 अक्टूबर को सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित है।
बैठक में आयोजित क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारी की समीक्षा की गई। इस खेलकूद प्रतियोगिता में बिहार- झारखंड के लगभग चार सौ खिलाड़ी भाग लेंगे। उनके आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यकताओं की समुचित व्यवस्था तथा खेलकूद की सफलता को लेकर आचार्यों के बीच विभाग बनाकर दायित्व दिया गया। इस बैठक में रांची विभाग प्रमुख फनिंद्रनाथ झा, सचिव गोपाल नायक, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी, सुनील कुमार सिन्हा, प्राचार्य वरुण कुमार चौधरी,रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर रामगढ़, प्राचार्य उमेश प्रसाद, आचार्य मिथिलेश कुमार खन्ना, रेखा कुमारी पाठक उपस्थित थे।