आकांक्षी खंड नाहड़ में डीसी अभिषेक मीणा ने संपूर्णता अभियान 2.0 को लांच किया

14 अप्रैल को करवाई जाएगी अभियान की समीक्षा,सभी विभाग मिलकर शत-प्रतिशत लक्ष्य को करें हासिल
News

2026-02-03 15:04:40

कोसली। आकांक्षी खंड नाहड़ को पूर्ण रूप से विकसित ब्लॉक बनाने के लिए आज डीसी अभिषेक मीणा ने भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा शुरु किए गए संपूर्णता अभियान 2.0 को लांच किया। उन्होंने कहा कि पोषाहार, स्वच्छता एवं पशुपालन की दृष्टि से तय किए गए 6 मानकों पर हमें अगले अढ़ाई महीने में खरा उतरना है। इस अभियान की 14 अप्रैल को फिर से समीक्षा की जाएगी। इसलिए विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ग्राम पंचायतों के सहयोग से इन मानकों का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए एकजुटता से कार्य करें।

नाहड़ विश्राम गृह परिसर में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि आकांक्षी खंड को विकसित ब्लॉक बनाने के लिए वैसे तो केंद्र सरकार के नीति आयोग ने 39 पैरामीटर निर्धारित किए हुए हैं, लेकिन संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत अभी उनमें से 6 पैरामीटर को हमें पूरा करना है। इनमें सबसे पहले है कि नाहड़ ब्लॉक में 6 माह से 6 साल तक की आयु के सभी बच्चों को रोजाना पूरक पोषाहार दिया जाए। हर एक बच्चे का रिकार्ड होना चाहिए, जिनको नियमित रूप से प्रतिदिन पोषण आहार दिया जा रहा है। जो छोटी आयु के बच्चे, तीन साल या इससे ऊपर के स्कूल जा रहे हैं, उनको नजदीकी आंगनबाड़ी सेंटर से समन्वय स्थापित कर शिक्षा विभाग द्वारा पोषाहार दिलवाया जाएगा। डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा को निर्देश दिए कि प्राइवेट स्कूलों में जो बच्चे पढ़ रहे हैं, उनका विवरण लेकर उन्हें पोषाहार के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजना सुनिश्चित करें।

डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि 6 माह से 6 साल तक की आयु में ही बच्चों को शारीरिक व मानसिक विकास होता है, इसलिए इस उम्र में बच्चों को जितना पौष्टिक आहार दिया जाएगा, वे उतने ही स्वस्थ नागरिक बनेंगे। उन्होंने कहा कि इसी आयु वर्ग के बच्चों के कद व वजन का माप महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण ट्रैकर पर अपलोड होना चाहिए। इसके लिए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में मापन मशीनें ठीक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एडीसी राहुल मोदी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व शौचालय की उचित व्यवस्था हो। इसी प्रकार खंड के प्रत्येक राजकीय व निजी विद्यालय में लड़कियों के लिए साफ-सुथरा शौचालय बना होना चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी इस बिंदु पर निगरानी रखेंगे।

संपूर्णता अभियान 2.0 अभियान में छटा मानक यह तय किया गया है कि सभी दुधारू पशुओं के एफएमडी वैक्सीन लगाई जाए। एक भी पालतू पशु इस वैक्सीन से वंचित नहीं रहना चाहिए। डीसी अभिषेक मीणा ने निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम के लिए विभागीय कर्मचारियों को डाटा एंट्री सिखाने के लिए जिला मुख्यालय पर एक वर्कशॉप का आयोजन करवाया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य पैरामीटर को भी पूरा करने में सभी विभागीय अधिकारी मिलकर काम करेंगे। इस कार्यक्रम में एडीसी राहुल मोदी ने संपूर्णता 2.0 अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी से 14 अप्रैल तक नाहड़ खंड में विश्व कैंसर दिवस, विज्ञान दिवस, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस आदि विशेष दिनों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में सभी विभाग अपना सहयोग देंगे।

इस अवसर पर सीएमओ डा. नरेंद्र दहिया, डीडीपीओ एचपी बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. नसीब सिंह, बीडीपीओ अनिल यादव, डिप्टी डीईओ डा. राजेंद्र यादव, बीईओ सुरेश कास्वां, ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक आफताब अहमद, नाहड़ के सरपंच महेंद्र ङ्क्षसह, भाकली के सरपंच श्याम सिंह, कोसली के सरपंच रामकिशन जांगड़ा, गुडियानी के सरपंच नरेंद्र कुमार सहित स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी वर्कर, पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion