2023-09-02 13:16:41
भिण्ड। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) तथा जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन आज निराला रंग बिहार मेला ग्राउण्ड भिण्ड में किया गया।
जिसमें 72 सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांगजनों के बीच किया गया।कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया,क्षेत्रीय सांसद संध्या राय, कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव,उप संचालक सामाजिक न्याय संजय जैन सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, दिव्यांग बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांग जनों के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। दिव्यांगजन समाज के हर क्षेत्र में प्रगति करके बड़े-बड़े पद प्राप्त कर रहे हैं। शासन की कल्याणकारी योजनाओं से दिव्यांगों को रोजगार, के पूरे अवसर दिए जा रहे हैं। यह शिविर भी दिव्यांगों की सेवा का उत्तम उदाहरण है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिण्ड दतिया सांसद संध्या राय ने कहा कि हमारे जिले का एक भी दिव्यांग जन शासन की योजनाओं से अछूता न रहे, इसीलिए उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने के लिए आज जिले के 72 दिव्यांगजनों को 28 लाख 80 हजार की लागत के उपकरण यहां दिव्यांग जन लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो दिव्यांग इस शिविर में मोट्राइज्ड बैटरी चलित साइकिल या अन्य उपकरण पाने से वंचित रह गए।
जिले में दिव्यांगजनों को चिन्हित कर आगामी शिविर में उपकरण बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा सहायक उपकरण दिव्यांगजन को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने तथा देश के विकास में योगदान देने का अवसर देते हैं।
इन शिविरों में पूरी पारदर्शिता के साथ कृत्रिम उपकरणों का वितरण किया जा रहा है।
शिविर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) जबलपुर तथा जिलाu प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने के लिए सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांगजनों के बीच किया गया है।
कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दिव्यांग किसी की दया के मोहताज नहीं हैं। दिव्यांगों को करूणा और सेवा भाव से किये गये सहयोग की आवश्यकता है। दिव्यांगजन शिविर में भिण्ड के दिव्यांगों के लिये विकास की नई राह खोल दी है। समाज की मुख्य धारा में शामिल होकर दिव्यांग देश के विकास में अपना योगदान देंगे।
शिविर में 72 मोट्राइज्ड ट्राईसाइकिल के साथ हेलमेट और बैटरी चार्जर का वितरण किया गया। इससे दिव्यांगों का जीवन सरल बनेगा।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग समाज के हर क्षेत्र में प्रगति करके बड़े-बड़े पद प्राप्त कर रहे हैं। शासन की कल्याणकारी योजनाओं से दिव्यांगों को विकास के पूरे अवसर दिये जा रहे हैं।