2023-09-22 16:26:21
मुजफ्फरनगर यूपी। उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना ब्लाक के गांव बड़ौदा में स्थित देवी मंदिर में किसान मजदूर संगठन के 10वें स्थापना दिवस पर किसान मजदूर अधिकार महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें अब किसानों की अनदेखी बंद कर दे। यदि अगले साल में होने वाले लोकसभा के चुनाव में किसानों के मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल नहीं किया गया तो फिर देश का एक एक किसान बड़ा निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगा। वे फिर किसानों के सहयोग से देश में राजग हो या फिर इंडिया उनकी नहीं बल्कि खुद की सरकार बनाएंगें। उन्होंने बताया कि 10 वर्ष पूर्व गांव रोनी हरजीपुर में किसान मजदूर संगठन की स्थापना हुई थी। संगठन ने 10 सालों में विभिन्न स्तर पर किसानों के लिए आंदोलन किए। विभिन्न प्रांतों और जिलों में संगठन का कुनबा बढ़ रहा है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित राणा एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक ने संगठन के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने किसान और मजदूरों को हक की लड़ाई के लिए एकजुटता पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत और सहारनपुर जनपदों से काफी किसानों ने महापंचायत में भाग लिया। सुखबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस महा पंचायत में मुख्य रूप से बिराल गांव के प्रधान ठाकुर मन्नू सिंह, ठाकुर मदन सिंह, ओमी लाल आर्य, महेश सिंह, नौबहार सिंह, उत्तराखंड राज्य से आए आलोक पुंडीर, कुशलपाल सिंह, ईश्वर सिंह, विनोद राणा, मोहर सिंह करनाल, गुरदीप सिंह बीजना और साहिल आदि मौजूद रहें। महापंचायत मे बुढाना एसडीएम अरुण कुमार श्रीवास्तव को 07 सुत्रीय मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा गया।