2026-08-05 03:18:53
रामपुर। ग्राम काशीपुर में नालों की सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं कराया, जिससे जलभराव और गंदगी से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, मदरसा गुलशन-ए-इस्लाम से रेलवे लाइन तक दोनों ओर बने करीब दो-दो फीट गहरे नाले लंबे समय से गंदगी और झाड़ियों से पटे हुए हैं। नालों का पानी सड़क पर बहने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नालों की सफाई के लिए तीन बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत को फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो मौके का निरीक्षण किया गया और न ही सफाई कराई गई।
मंगलवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर जल्द नालों की सफाई कराने की मांग की। शिकायती पत्र पर फईम, अब्दुल, फरीद समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।