2025-04-09 18:55:50
रेवाड़ी, 9 अप्रैल। कार्यवाहक डीसी अनुपमा अंजलि ने बताया कि भारत सरकार की ओर से देश के संविधान को अंगीकृत करने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान थीम पर अनेक गतिविधियां व कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो हमारे लोकतंत्र की उल्लेखनीय यात्रा और हमारे संस्थापक सिद्धांतों तथा संवैधानिक मूल्यों की स्थायी विरासत को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य संविधान में निहित मूल मूल्यों को दोहराते हुए संविधान के निर्माताओं के योगदान का सम्मान करना है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में अप्रैल माह में 14 अप्रैल से 28 अप्रैल तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। माई भारत स्वयंसेवकों के माध्यम से संविधान स्वाभिमान यात्राएं की जाएगी आयोजित- कार्यवाहक डीसी कार्यवाहक डीसी ने बताया कि जिला की सभी पंचायतों में संविधान निर्माता बाबा साहब डा. भीम राव अंबेडकर अंबेडकर के योगदान का प्रचार करने के लिए माई भारत स्वयंसेवकों के माध्यम से संविधान स्वाभिमान यात्राएं आयोजित की जाएंगी। ये यात्राएं एससी-एसटी आबादी के उच्च घनत्व वाले गांवों और प्रत्येक पंचायत के मुख्य गांवों में आयोजित की जाएंगी। यात्राओं के दौरान जहां पर भी संविधान निर्माता डा. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित होंगी उन प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि व पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। अप्रैल माह के दौरान उपरोक्त गतिविधियों के अलावा जन भागीदारी के साथ वर्ष भर चलने वाली अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जा सकती हैं। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने भारत के संविधान को अपनाया जो 26 जनवरी, 1950 से देश में प्रभावी है। गत वर्ष नवंबर 2024 में भारत के संविधान को अपनाने के 75 साल पूरे हो गए हैं जिसके तहत देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अपनी स्थापना के बाद से, संविधान पिछले 75 वर्षों से राष्ट्र की प्रगति को आकार देने वाले मार्गदर्शक ढांचे के रूप में कार्य कर रहा है।