2025-03-19 19:48:33
थाना गन्नौर पुलिस ने एक महिला पर तेल छिड़ककर आग लगाने की घटना में संलिप्त एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित महिला निवासी सोनीपत व सुनील निवासी रसूलपुर के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2024 को पीड़िता ने थाना गन्नौर में शिकायत दी थी कि एक अक्टूबर 2024 को उसके पति जोनी ने तेल छिड़ककर उसे जलाने की कोशिश की थी। पीड़िता के अनुसार, जोनी ने धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को बताया, तो जान से मार देगा। घटना के बाद जोनी और उसके परिवार वालों ने इसे आत्मदाह का मामला बताने की कोशिश की थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की। उप निरीक्षक सतबीर ने जांच के दौरान आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर आदेशानुसार जेल भेज दिया है।