2025-03-06 22:19:59
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की गुरुग्राम इकाई के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। महिलाओं को रोगों के प्रति जानकारी दी। इस दौरान महिला सफाई मित्रों को सेनेटरी पैड्स भी वितरित किए गए। आयोजन में जीरो प्लास्टिक वेस्ट को प्राथमिकता दी गई। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं किया गया। कार्यक्रम नगर निगम आयुक्त रेनू सोगन के दिशा-निर्देशों पर आयोजित किया गया। शुक्रवार को नगर निगम मानेसर और आईएमए की ओर से यह संयुक्त कार्यक्रम गांव नौरंगपुर स्थित निगम की वाटिका में आयोजित किया गया। इस दौरान आईएमए की महिला डॉक्टर सदस्यों ने महिला सफाई मित्रों को स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करने की टिप्स दी। इस दौरान डॉक्टर रेनू भाटिया, अंजू शर्मा, रीमा गोयल ने वहां मौजूद महिलाओं को बताया कि महिलाओं को अपने पोषण का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अपने आहार में फल, सब्जियां और फाइबर, प्रोटीन युक्त भोजन को शामिल करें। उन्होंने बताया कि महिलाओं के जन्म दोषों को रोकने के लिए फोलिक एसिड युक्त, हरी सब्जियां और खट्टे फलों को सेवन करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं में खून की कमी और कैंसर की बीमारी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने 20 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाओं को अपने नियमित स्वास्थ्य देखभाल में कोलेस्ट्रॉल और बीपी की जांच करवाते रहना चाहिए। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन की विशेषज्ञ जेनिथ चैधरी ने भी महिलाओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की सलाह दी। चौधरी ने कहा कि आमतौर पर महिलाएं ही घर का काम करती है। रसोई घर में काम के दौरान निकलने वाले कूड़े को अलग से डालें, इसके अलावा अन्य कूड़े को भी अलग-अलग कूड़े दान में डालकर महिला घर बैठे की पर्यावरण को बचाने में अहम योगदान दे सकती हैं। इस दौरान नगर निगम मानेसर के उप-निगम आयुक्त विनोद नेहरा, सफाई अधिकारी एमएस सोढ़ी, एसएसआई विजय कौशिक सहित आईएमए की ओर से डाॅ पुष्पा बिश्नोई, वंदना नरूला, शिल्पी शर्मा, सारिका वर्मा, विनीता यादव, ज्योति यादव, अनिता अग्रवाल, आशा बालूजा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।