2025-01-29 17:07:41
यूपी, मुजफ्फरनगर,। आगामी 3 फरवरी की रात 8 बजे करबला हिंद बुढाना मे रसूल के प्यारे इमाम हुसैन अलैहि अस्सलाम का जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। ये बात कस्बे के मौहल्ला शिया बैंक वाली गली में स्थित ऑल इंडिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के मेंबर साजिद जाफरी के आवास पर बुधवार को खुद साजिद जाफरी ने अपने लोगों के बीच एक बैठक मे कही। उन्होंने कहा कि इस मौके पर हिंदुस्तान के कोने कोने से लोग आएंगे। इसमें मशहूर शायर भी मौजूद होंगे। आज भी पूरी दुनिया में इमाम हुसैन के चाहने वाले हैं और उनके बताएं रास्तों पर चल रहे हैं। इमाम हुसैन ने कर्बला के मैदान में अपने परिवार के 72 लोगों के साथ अपना सिर कटाया था। उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध भी आवाज उठाई थी। इमाम हुसैन ने फरमाया कि पूरी दुनिया में अगर कोई सबसे बड़ा रिश्ता है तो वो इंसानियत का है। इमाम हुसैन ने दिलों को जोड़ने का काम किया। अपना सर कटाकर इस्लाम को बचाया। इसलिए पूरे हिंदुस्तान के लिए 3 फरवरी खुशी का दिन है। इनके साथ हजरत अब्बास का भी जन्मदिन मनाया जाएगा। श्री जाफरी ने ये भी कहा कि मैं पूरे देश में दिल जोड़ो आंदोलन अभियान को लेकर चलूंगा क्योंकि हमें अपने देश की ताकत को मजबूत करने के लिए दिलों का जोड़ना जरुरी हो गया है। यहां राशिद हुसैन, शाहनवाज हुसैन, शायर नकी शाहिद हुसैन, पूर्व सभासद सिकंदर हुसैन, कौसर अब्बास, नवाब अली, रहबर अब्बास और हाजी जहीर हसन सहित अन्य कई लोगों की उपस्थिति देखने को मिली।