2025-05-20 19:03:39
सुमेरपुर हमीरपुर। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ कस्बे के बांकी मार्ग में संचालित जच्चा बच्चा केंद्र में प्रसूताओं का गर्मी से बुरा हाल है। जच्चा बच्चा केंद्र में महज एक कूलर लगा है। वह भी खराब होने से बंद रहता है। प्रसव के बाद यहां भर्ती रहने वाली जच्चा बच्चा रात भर गर्मी में उबलती रहती हैं। मंगलवार को की गयी पड़ताल में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मीडिया के पहुंचने के बाद सक्रिय हुए कर्मी अपने खराब कूलर पंखा की मरम्मत करने में जुट गए हैं। मंगलवार को 11.30 बजे बांकी मार्ग स्थित जच्चा बच्चा केंद्र में प्रसव के लिए आई महिला पीड़ा से कराह रही थी। हवा के नाम पर एकमात्र पंखा घूम रहा था। कूलर नदारद था। साथ में आई तीमारदार सदाकली श्याम कुंवर ने बताया कि कूलर नहीं है। ठंडा पानी भी नहीं नसीब हो रहा है। प्रसव के बाद जच्चा बच्चा वार्ड के निरीक्षण में लगा कूलर बंद था। यहां पर सीमा ने बताया कि पूरी रात जच्चा बच्चा गर्मी में उबलते हैं। कूलर खराब होने से बंद रहता है। यहां गर्मी से बुरा हाल हो गया है। इसके बाद नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। इसमें एक कमरे में खबर प्रकाशित होने के बाद कूलर लगा दिया गया है। दूसरे कमरे के लिए कूलर की मरम्मत कराई जा रही है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. पुष्पेंद्र कुमार के मुख्यालय में रहने के कारण यहां की व्यवस्थाओं का बुरा हाल है। लाखों रुपए का बजट होने के बाद व्यवस्थाएं बुरी तरह से धड़ाम हैं। बीमारों को ठीक करने वाले सरकारी अस्पताल व्यवस्था के नाम पर खुद भी बीमार हैं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दोनों अस्पतालों में मरीजों को ठंडी हवा के लिए खराब हुये कूलर ठीक कराकर शाम तक प्रत्येक दशा में लगवाने को कहा गया है। साथ ही वाटर कूलर को भी ठीक कराया जा रहा है ताकि मरीजों को अस्पताल आने पर ठंडा पानी मिल सके।