2026-03-03 14:13:50
रेवाड़ी। प्रदेश के मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा विधानसभा में पेश किए गए हरियाणा के बजट की रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के हर वर्ग के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है तथा हरियाणा को एक आधुनिक, आत्मनिर्भर व खुशहाल राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही रेवाड़ी जिले के विकास को पंख लगाने की दिशा में भी बड़ी घोषणाएं साफ कर रही है कि प्रदेश सरकार अंतोदय के सिद्धांत पर चलकर हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि बजट में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन, एमएसपी पर फसलों की सुचारु खरीद व सिंचाई के आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए आवंटित भारी बजट धरतीपुत्र को आर्थक रूप से स्मृद्ध बनाने की दिशा में कड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए बजट में स्किलिंग से एम्पलॉयमेंट तक का मार्ग प्रशस्त किया गया है। नए स्टार्टअप हब की स्थापना व तकनीकी शिक्षा के लिए विशेष प्रावधान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों को दी जाने वाली सहायता व लखपति दीदी योजना का विस्तार सराहनीय है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्त्य सुविधाओं का जाल बिछाने का निर्णय, स्वस्थ हरियाणा की श्रेणी में पहुंचाने का कार्य करेगा।
बुजुर्गों व सामाजिक सुरक्षा पेंशन में सम्मानजनक वृद्घि सरकार के संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाती है। बजट में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो विस्तार व नए इंडस्ट्रियल कलस्टर्स पर केंद्रित घोषणाएं प्रदेश में निवेश के नए द्वार खोलने का कार्य करेंगी।
विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल को सुपर स्पेश्शियलिटी सुविधाओं से लैस करने, बैडों की संख्या बढ़ाए जाने, माजरा एम्स परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा जिले की संपर्क सडक़ों के नवीनीकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जाना रेवाड़ी को नई बुलंदियों पर ले जाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अभी तक के बजट में यह सर्वश्रेष्ठ है।