2026-08-05 03:22:05
रामपुर,सावन माह के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह देर सायं भमरौआ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का स्थलीय जायजा लिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग, पार्किंग स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। दर्शन-पूजन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्वालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, जिससे श्रद्वालु सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा एवं दर्शन-पूजन सम्पन्न कर सके