प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को कक्षाओं तक पहुंचाएं अशोक

डायट में संदर्भदाताओं को दिया गया 5 दिवसीय प्रशिक्षण
News

2026-08-05 03:09:39

रामपुर। डाइट प्राचार्य अशोक कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को कक्षाओं तक पहुंचाएं। तभी इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सार्थक होगा। मंगलवार को वह डाइट में आयोजित पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाताओं के प्रशिक्षण के समापन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाता प्रशिक्षण का मंगलवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण का आयोजन डायट प्राचार्य अशोक कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाताओं को नवीन शैक्षणिक रणनीतियों, शिक्षक संदर्शिकाओं, कैच-अप शिक्षण, गतिविधि-आधारित शिक्षण एवं प्रभावी शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं से दक्ष बनाना था।

प्रशिक्षण का संचालन डायट प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण समन्वयक ब्रजराज किशोर ने किया। प्रशिक्षण में ताराचंद, डॉक्टर सरफराज, प्रदीप कुमार, मोईन मियां एआरपी तथा इमरान ने सुगमकर्ता के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। निपुण सेल की सहयोगी संस्था लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (LLF) ने शैक्षणिक एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया। संस्था की जिला कार्यक्रम प्रबंधक तसनीम कौसर के साथ ही प्रथम संस्था की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

समापन समारोह में डायट प्राचार्य अशोक कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण की सफलता एवं उद्देश्य तभी सार्थक होंगे, जबकि यहां से प्राप्त ज्ञान और कौशल का प्रभावी उपयोग विकास खंड स्तर के प्रशिक्षणों के साथ साथ कक्षाओं तक पहुंचे। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण की सीख को प्रत्येक शिक्षक तक पहुंचने एवं निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बुजवीर सिंह, मोइन मियां, प्रदीप सिंह, श्वेता दुहन आदि मौजूद रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion