2025-03-12 18:42:18
हरियाणा प्रदेश का स्वर्णप्रस्थ, वर्तमान में शहर सोनीपत ने बुधवार को एक नए इतिहास की रचना की है। इस उपलब्धि के कई मायने हैं कांग्रेस और भूपेंद्र हुड्डा का तिलस्म टूटना, पहली बार राजीव जैन का महापौर बनना, पहली बार भाजपा को सोनीपत महापौर मिलना, पहली बार शहरी निकाय मंत्री रही कविता जैन के पति राजीव जैन का महापौर बनना, और पहली बार भाजपा का 34,749 मतों से महापौर का जीतना। इसके साथ ही स्वर्णप्रस्थ ने सोने के अक्षरों से महापौर चुनाव के परिणाम को लिख दिया है। राजीव जैन हरियाणा सरकार में पूर्व मीडिया सलाहकार रहे हैं और पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा दो बार की विधायक कविता जैन के पति हैं। राजीव जैन का जन्म 12 फरवरी 1964 को सोनीपत में हुआ था। उन्होंने 1986 से 1993 तक पत्रकारिता में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने बीकॉम तक पढ़ाई की है। राजीव जैन पिछले 38 सालों से सोनीपत के लिए सेवा-भाव से काम कर रहे हैं। उन्होंने जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए हमेशा प्रयास किया है। 1985 में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने डेढ़ महीने तक पूरे राज्य में पदयात्रा कर भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया। 1993: चौधरी बंशीलाल के नेतृत्व में हरियाणा विकास पार्टी की सदस्यता ली और राज्य प्रेस सचिव नियुक्त हुए। 1993: हरियाणा विकास पार्टी के राज्य महासचिव बने। 1996-1999: हरियाणा विकास पार्टी-भाजपा गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री चौधरी बंशीलाल के राजनीतिक मीडिया सलाहकार के रूप में कार्य किया। 2000: हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर सोनीपत विधानसभा चुनाव लड़ा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। 2005: स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा और दूसरा स्थान प्राप्त किया। 2007: भाजपा की सदस्यता ली। 2008: भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी बने। 2018-2019: मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार के रूप में कार्य किया। इस चुनाव में राजीव जैन की 34,109 मतों से शानदार जीत ने भाजपा को सोनीपत में पहली बार महापौर पद पर विजय दिलाई। यह जीत भाजपा और उनके समर्थकों के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। स्वर्णप्रस्थ ने एक बार फिर अपने सुनहरे इतिहास में एक नई उपलब्धि जोड़ दी है