2025-04-06 17:17:41
हिसार : श्रीराम कथा समिति द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के अंतिम दिन कथा व्यास महंत श्री चिन्मयदास जी महाराज ने रामसेतु बंधन, राम-रावण युद्ध व राम राज्याभिषेक के प्रसंग सुनाकर अभिभूत कर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान करके परमात्मा की अनंत कृपा का भान करवाया। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक की झांकी देखकर समस्त श्रद्धालु अपने इष्ट के प्रति अनायास ही नतमस्तक हो गए। मां जानकी सेवा दल की सदस्यों ने नाच-गाकर प्रभु श्रीराम की झांकी का स्वागत किया। महंत चिन्मयदास जी ने लंकापति रावण के हश्र से सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो इंसान अधर्म, अनीति व अन्याय के मार्ग पर चलता है, उसका विनाश तय है। इसलिए धर्मसम्मत कार्य करते हुए प्रभु भक्ति में मन लगाना चाहिए। श्रीराम कथा समिति के पदाधिकारी सुरेंद्र लाहौरिया, राजेश बंसल व शक्ति अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित की गई श्रीराम कथा में विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्यलाभ प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल की भव्य रामनवमी शोभा यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामकृष्ण सेवा संस्थान व विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त संयोजन में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। प्रात: 9.15 बजे भव्य झांकियां निकाली जाएंगी और अखाड़े के खेल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने हाथ में श्रीराम की पीली ध्वजा थामे हुए और जय श्रीराम का उदघोष करते हुए आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा अग्रसेन भवन से शुरू होकर और विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस कथा स्थल अग्रसेन भवन में पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्तगण पुष्प व इत्र वर्षा करके शोभा यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके साथ ही मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी भरपूर व्यवस्था रहेगी। श्रीराम कथा के सातवें दिन लाहौरिया धर्मार्थ ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारेलाल लाहौरिया अति विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली, भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, आयर उपायुक्त आर. एस. बूरा, डॉ. जे. पी. नलवा, ऋषिराज बुड़ाकिया, डॉ. एन. के. खेतरपाल, गौतम सरदाना, डॉ. राजीव राजवंशी, सुमित जैन, दुष्यंत गर्ग, मोहित सिंगल, अनुराग गुप्ता, परीक्षित आर्य, जी. डी. गोयल, आशा गुप्ता, प्रह्लाद सैनी, विपिन सर्राफ, महेंद्र बंसल व राजेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कृष्ण खटाना, सतपाल अग्रवाल, विनोद धवन, संजीव राजपाल, भीम महाजन, बिंदु एडवोकेट, विपिन गोयल, महाबीर गुप्ता, विनोद गुप्ता, वीरभान बंसल, जनकराज गुप्ता, राकेश गुप्ता, चंद्रभान सोनी, विराट अग्रवाल, राजेंद्र मित्तल, सजन गुप्ता, राहुल अग्रवाल, मुकेश बंसल व मनोज अग्रवाल सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।