केजरीवाल के बयान पर प्रदेश के भाजपाई हुए आगबबूला

केजरीवाल अपने गिरेबान में झांके,लूट झूठ कि राजनीति नहीं चलेगी : लक्ष्मण यादव
News

2025-01-29 18:50:06

रेवाड़ी। आम आदमी पार्टी सुप्रीमो तथा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा यमुना नदी में हरियाणा सरकार द्वारा जहर घोले जाने संबंधी बयान पर प्रदेश के भाजपाई आग-बबूला है। रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को पिछले दस सालों में छला है। अब सामने दिख रही हार से बौखलाए केजरीवाल ऊल-जुलूल बयानबाजी कर अपनी खीज मिटाने का कार्य कर रहे हैं। रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार के खिलाफ बयानबाजी करने से पहले आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। केजरीवाल पिछले दस साल से झूठ व लूट की राजनीति करते आ रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने यह बयान देकर हरियाणा की जनता के स्वाभिमान को भी चोट पहुंचाई है। इन चुनावों में दिल्ली में रहने वाला हरियाणा का मतदाता उनके खिलाफ जनादेश देकर कड़ा सबक सिखाने का कार्य करेगा।उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को दस साल के बाद अब याद आई है कि हरियाणा यमुना नदी को गंदा कर रहा है। दिल्ली के पूर्व सीएम हरियाणा पर बार-बार बेबुनियादी आरोप लगाते आ रहे हैं। बड़ी-बड़ी बाते करने वाले केजरीवाल को सबसे पहले पंजाब से हरियाणा को उसके हिस्से का पानी दिलाना चाहिए। चुनाव में दिल्ली की जनता को पुन: बरगलाने के लिए इस प्रकार की बेतुकी बयानबाजी की जा रही हैं। छल-कपट की राजनीति में दिल्ली की जनता इस बार कतई नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री तो सभी को बांटकर तथा देकर चलने वाले हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री बड़े दिल वाले हैं तथा हमेशा सभी की मदद व सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता विकास चाहती है, जो केवल भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion