2025-04-16 19:49:37
हिसार गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के गूंज क्लब तथा स्पिकमैके के सौजन्य से एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की प्रथम महिला डा. वंदना बिश्नोई भी इस अवसर पर उपस्थित रही। इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने फौजी का संघर्ष नामक एक प्रेरणादायक संगीतमय नाटक की प्रस्तुति दी तथा स्पिकमैके के सौजन्य से प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित रितेश मिश्रा तथा पंडित रजनीश मिश्रा के साथ-साथ पंडित सुमित कुमार और पंडित मितेश झा ने शास्त्रीय संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दी। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि गुजविप्रौवि में सांस्कृतिक गतिविधियों की एक समृद्ध परंपरा है। नृत्य, नाटक, संगीत, चित्रकला व साहित्य हर विधा में हमारे विद्यार्थी अपनी पहचान बना रहे हैं। सांस्कृतिक गतिविधियां न केवल विकास का माध्यम हैं, बल्कि हमें अपनी सभ्यता और संस्कृति से भी जोड़ती हैं। विशेषरूप से शास्त्रीय संगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य हिस्सा है। यह केवल स्वर और ताल की रचना नहीं, बल्कि साधना और आत्मा का संवाद है। कुलपति ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में स्पिकमैके हेरीटेज क्लब की स्थापना की जाएगी, जिसके माध्यम से विद्यार्थी शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोककला और भारतीय परंपराओं से और गहराई से जुड़ पाएंगे। उन्होंने गूंज क्लब को भी इस आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। डीन स्टूडेंटस वेल्फेयर प्रो. अनिल कुमार ने विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों व गूंज क्लब के बारे में विस्तार से बताया। गूंज क्लब के संरक्षक प्रो. खुजान सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रयास विद्यार्थियों में कला और संस्कृति के प्रति रुचि उत्पन्न करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजन करवाए जाते रहेंगे।