2026-02-03 14:51:00
रेवाड़ी । राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने मेगा मिशन -26 जनसंपर्क अभियान के तहत शहर के ऐतिहासिक कानोड गेट एरिया में बड़ी संख्या में लोगों से मिलकर जनहित के ज्वलंत मुद्दों पर रायशुमारी की । लोगों , खासकर वरिष्ठ नागरिकों ने लोक हित में मंच की ओर से सीनियर सिटीजंस के जायज हकों को लेकर लगातार बुलंद की जा रही सभी जनकल्याणकारी मांगों पर सरकार से जल्द विचार करने का अनुरोध किया ।
राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच सहित मंच की कोर कमेटी के सदस्य महेश कौशिक , बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, डॉ. नरेश सहगल तथा मंच के राष्ट्रीय संगठन सचिव अभिषेक कुमार आदि ऐतिहासिक कानोड गेट एरिया में पहुंचे और बड़ी संख्या में लोगों, वरिष्ठ नागरिकों से मिलकर कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान गणमान्य नागरिकों नंदलाल यादव ,सुरेश कुमार ने आगंतुकों का गर्मजोशी से स्वागत किया । खुलकर रायशुमारी के दौरान लोगों ने कहा कि राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच की ओर से इन दिनों सीनियर सिटीजंस बुजुर्गों के हित में उठाईं जा रही सभी मांगों का वे भरपूर समर्थन करते हैं ।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में डेडिकेटिड सीनियर सिटीजन रेजिडेंशियल सेक्टर, फ्री ओल्डएज होम , इमरजेंसी में सहायता एवं देखरेख के लिए सीनियर सिटीजन हेल्पलाइन, संपूर्ण निःशुल्क मेडिकल सुरक्षा तथा ट्रेन -बस व हवाई यात्रा किरायों में 70 फ़ीसदी की छूट, कार्यालयों- न्यायालयों में सीनियर सिटीजन प्रोटोकॉल तत्काल लागू किए जाने आदि की मांगें पूर्णता जायज हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि जनकल्याणकारी राज्य में सभी नागरिकों को लंबे, स्वस्थ जीवन की सामाजिक सुरक्षा अवश्य मिलनी चाहिए।मगर सीनियर सिटीजंस के सामाजिक हालात दिन- प्रतिदिन बिगड़ रहे हैं ।
उनकी ज्वलंत समस्याओं की ओर नागरिकों ,परिवारों ,समाज और देश -प्रदेश की सरकारों का ध्यान आकर्षित करने के लिए लोक सेवा मंच ने जनहित में सर्वसम्मत प्रस्ताव पास करके जोरदार अभियान शुरू किया । उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल होने तक मंच का मेगा जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा । सीनियर सिटीजंस के ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखे जाएंगे । इन मुद्दों को लेकर हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी है । अभियान को लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है । मेगा जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने एकसुर में कहा कि वर्तमान में किए जा रहे प्रयास सीनियर सिटीजंस के सुखद भविष्य का परिचायक हैं।