2025-04-14 18:53:34
रेवाड़ी। अखिल भारतीय साहित्य परिषद् हरियाणा प्रांत की पहल पर रेवाड़ी इकाई ने हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया है। तीन वर्गों के लिए आयोजित कहानी प्रतियोगिता समाज के महत्वपूर्ण अंग *कुटंब * विषय पर आधारित होगी। प्रतियोगिता में मौलिक रचना लिखने वाले स्कूल, कालेज के विद्यार्थियों से लेकर साहित्यकारों व सामान्य जन से भी कहानी आमंत्रित की गई है। जिला स्तर के विजेताओं को प्रांत स्तर की प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए परिषद् के महामंत्री गोपाल शर्मा वासिष्ठ ने बताया कि परिवार या कुटुंब समाज की सबसे छोटी इकाई है। जो व्यक्ति के जीवन का आधार है। इसके बिना समाज या संगठन की कल्पना नहीं की जा सकती है। वर्तमान में पारिवारिक मूल्य कहीं खो गए हैं।उन मूल्यों के महत्व को उजागर करने के लिए कहानी विधा एक सशक्त माध्यम है। कहानी मन के भाव व्यक्त करने की सबसे सरल विधा है। इसलिए कहानी विधा में हर आयु वर्ग के मनोभावों का समावेश करने के लिए प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बाँटा गया है। प्रथम वर्ग में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी, दूसरे वर्ग में महाविद्यालय के विद्यार्थी तथा तीसरा वर्ग सभी के लिए खुला है जिसमें सामान्य जन से लेकर साहित्यकार वर्ग भी शामिल है। उन्होंने बताया कि परिषद् अध्यक्षा श्रुति शर्मा प्रतियोगिता की संयोजिका होंगी। कोई भी अपनी मौलिक कहानी को यूनिकोड फॉन्ट (यह फॉन्ट हर मोबाइल से लिखा जा सकता है।) में vksss254787@gmail.com पर 30 अप्रैल तक भेजना है। एक व्यक्ति केवल एक ही कहानी भेज सकता है। कहानी केवल कुटुंब विषय पर आधारित होनी चाहिए। जिसमें परिवार का समर्पण, प्रेम, त्याग इत्यादि भाव शामिल हो सकते हैं । कहानी 800 से 2500 शब्दों के बीच होनी चाहिए। इससे बड़ी-छोटी कहानी पर विचार नहीं किया जाएगा। कहानी के साथ मौलिकता प्रमाण-पत्र भेजना अनिवार्य है। इसमें रेवाड़ी जिले के निवासी ही भाग ले सकते हैं।प्रत्येक वर्ग से प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाली कहानियों को पुरस्कृत किया जाएगा और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। चयनकर्ताओं का निर्णय अंतिम व मान्य होगा। चयनित कहानियों को पुस्तक में प्रकाशन का अधिकार भी परिषद के पास रहेगा। कहानी टंकित (टाइप) करके या सुंदर लिखावट में ईमेल के अलावा डाक से प्रधानाचार्या, विश्वकर्मा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरकुलर रोड, निकट रेलवे चौक, रेवाड़ी के पते पर भेज सकते हैं।