2023-10-23 16:30:55
(यूपी/मुजफ्फरनगर/गुलफ्शा कुरैशी)
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार के दिन उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के बुढाना कस्बे में पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान यहां पर युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। भारत माता के जयकारों से पूरा कस्बा गूंजायमान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बुढाना कस्बे के योगपुरा मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि और माल्य अर्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक रामशंकर और प्रांत संघ चालक प्रेमचंद ने विजयादशमी के सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने इस दिन आरएसएस की स्थापना के साथ नियमित शाखा लगाने आदि के बारे में बताया। यहां पर आरएसएस स्वयंसेवको ने गणवेश समेत भाग लिया। भारत माता के जयकारे व भगवा ध्वज के साथ स्वयंसेवकों ने कस्बे में पथ संचलन किया। नागरिकों ने स्वयंसेवकों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। योगपुरा मार्ग से होते हुए पैठ बाजार, भारत चौक, मुख्य बाजार से होते हुए वापस योगपुरा मार्ग तक पहुंचे। सभी पूर्ण गणवेश में दंड लेकर स्वयंसेवक उद्घोष की धुन पर कदमताल मिलाकर चल रहे थे। संचलन बाद मंदिर में प्रसाद वितरण हुआ। यहां नीरज लोमश, प्रमोद, रविंद्र जैन, अमन सिंह, डॉक्टर रणवीर व प्रवीण सैनी मौजूद थे।