प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा दिवस पर दी बधाई, कहा उत्कल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को ओडिशा स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी और कहा कि भारत को अपने इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है
News

2025-04-01 14:49:15

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को ओडिशा स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी और कहा कि भारत को अपने इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल में, केंद्र और ओडिशा सरकार राज्य की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। लगभग 2000 साल पुरानी ऐतिहासिक और भव्य सांस्कृतिक विरासत अपने हृदय में समेटे ओडिशा, भारत में इतिहास से लेकर वर्तमान तक एक अहम स्थान रखता है। मानवता को प्रेम और शांति का शाश्वत संदेश देने वाली इस भूमि की अद्वितीय सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वास्तुकला, हस्त कला तथा नृत्य कला पर देश को गर्व है। ओडिशा अपने दयालु एवं परिश्रमी लोगों के लिए भी जाना जाता है। 1 अप्रैल 1936 को भाषाई आधार पर ‘उड़ीसा’का गठन किया गया था और 2011 में इसका नाम ‘ओडिशा’ कर दिया गया। भगवान जगन्नाथ, लिंगराज, कोणार्क और अन्य समृद्ध धरोहरों की भूमि ओडिशा ने दुनिया को शांति, प्रेम और हिंसा से दूर रहने का संदेश दिया। पीएम मोदी ने एक्स पर कहा प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्कल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन ओडिशा की गौरवशाली संस्कृति के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि है। भारत को ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है। ओडिशा के लोग मेहनती हैं और उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पिछले एक साल में, केंद्र और ओडिशा सरकार राज्य की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।” उत्कल दिवस को ओडिशा स्थापना दिवस के रूप में भी जाना जाता है उत्कल दिवस, जिसे ओडिशा स्थापना दिवस के रूप में भी जाना जाता है, हर साल 1 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन राज्य के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भाषाई महत्व का सम्मान करता है। यह राज्य की समृद्ध विरासत, कला, साहित्य और आध्यात्मिकता में इसके योगदान का भी जश्न मनाता है। सीएम मोहन चरण माझी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उन महान लोगों को श्रद्धांजलि देने का दिन है, जिन्होंने ओडिशा के गठन के लिए बलिदान दिया। सीएम माझी ने अपने एक्स हैंडल पर उड़िया में लिखा, “ओडिशा दिवस के अवसर पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं। अलग ओडिशा राज्य के निर्माण के लिए अपार बलिदान देने वाले और हमारी भाषा, साहित्य और संस्कृति का गौरव बढ़ाने वाले महापुरुषों को विनम्र श्रद्धांजलि। इस दिन, आइए हम एक स्वस्थ और विकसित ओडिशा के निर्माण के अपने संकल्प को और मजबूत करें।” पूरे राज्य में तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं इस ऐतिहासिक अवसर के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले, राज्य के संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि पहली बार, ‘ओडिया पक्ष’ 1 अप्रैल से 14 अप्रैल को ओडिया नव वर्ष तक बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभाग ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक की गतिविधियों की मेजबानी करेंगे, जिसमें ऐतिहासिक स्थलों पर सफाई अभियान, ओडिया भाषा सीखने की सामग्री का वितरण, रक्तदान शिविर, ओडिया पुस्तक खरीदें अभियान, लोक कला का उत्सव और युवा लेखक दिवस शामिल हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion