2026-08-05 03:15:25
रामपुर। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2021 से सम्मानित एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किला (रामपुर) में कार्यरत शिक्षिका डॉ. तृप्ति माहौर ने लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शिष्टाचार भेंट कर अपनी स्वरचित पुस्तक राष्ट्रपुत्र मोदी : परिवार भाव से विकसित भारत की ओर भेंट की। इससे पूर्व पुस्तक का विमोचन भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने किया।
भेंट के दौरान डॉ. माहौर ने उपमुख्यमंत्री को पुस्तक की विषयवस्तु और लेखन की प्रेरणा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम और देश ही परिवार है की भावना पर आधारित है। इसमें राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को प्रेरक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुस्तक स्वीकार करते हुए डॉ. तृप्ति माहौर के शैक्षिक, साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना की। वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने पुस्तक के विमोचन के अवसर पर उनके लेखन की प्रशंसा करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. तृप्ति माहौर ने कहा कि वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों का स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प से ही संभव है तथा उनकी पुस्तक नागरिकों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और राष्ट्र प्रथम की भावना को सशक्त बनाने का प्रयास है।
इस दौरान डॉ. माहौर ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रताप सिंह बघेल को भी अपनी पुस्तक की प्रति भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं।