अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पीएम मोदी ने नारी शक्ति को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश और दुनिया की सभी महिलाओं को नमन किया
News

2025-03-08 12:25:10

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश और दुनिया की सभी महिलाओं को नमन किया और उनकी शक्ति को सम्मान दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि सभी विद्याएं देवी के विभिन्न स्वरूपों की अभिव्यक्ति हैं और महिलाओं में भी वही शक्ति मौजूद है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि सरकार ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया है, जो विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की संस्कृति में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि रहा है और आज के दौर में महिलाओं की भागीदारी वैश्विक विकास का एक महत्वपूर्ण कारक बनने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जो देश और समाज महिलाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर देंगे, वे तेजी से प्रगति करेंगे। भारत में अब “वूमेन लीड डेवलपमेंट” यानी महिलाओं के नेतृत्व में विकास का दौर चल रहा है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नारी शक्ति नीति, निष्ठा, निर्णय और नेतृत्व का प्रतीक होती है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार महिलाओं की जरूरतों और उनकी आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए नीतियां बना रही है और बड़े फैसले ले रही है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि महिला दिवस पर नारी शक्ति का सम्मान करें और उनके योगदान को सराहें। हर साल 8 मार्च को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और उनके अधिकारों को मजबूत करने के लिए समर्पित है। इस दिन महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक योगदान को सराहा जाता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 1909 में हुई थी, लेकिन इसे औपचारिक मान्यता 1975 में मिली, जब संयुक्त राष्ट्र ने इसे विशेष थीम के साथ मनाना शुरू किया। यह दिन समाज में महिलाओं के समान अधिकारों और अवसरों की आवश्यकता पर जोर देने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion