युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम से परिचित कराने के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शनी का आयोजन महत्वपूर्ण

हरियाणा के सूचना आयुक्त जगबीर सिंह ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय
News

2025-03-21 16:53:10

हिसार : हरियाणा के सूचना आयुक्त जगबीर सिंह ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय, हिसार में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक सैनी ने की। इस प्रदर्शनी का संयोजन अभिलेखागार विभाग, हिसार मंडल के सहायक निदेशक अनिल कुमार द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में वर्ष 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं, दुर्लभ दस्तावेजों एवं छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में 1857 की क्रांति, 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तथा 15 अगस्त 1947 को मिली आजादी से जुड़े दस्तावेजों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर सूचना आयुक्त जगबीर सिंह ने कहा कि इतिहास को सहेजने और युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम की गाथा से परिचित कराने के लिए इस प्रकार की प्रदर्शनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने में सहायक सिद्ध होते हैं। राजकीय महाविद्यालय हिसार के प्राचार्य डॉ. विवेक सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास से सीख लेकर हम वर्तमान को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के संघर्ष को आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। अभिलेखागार विभाग हिसार मंडल के सहायक निदेशक अनिल कुमार ने प्रदर्शनी का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को भारत के स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं और महानायकों के बलिदान से परिचित कराया गया। प्रदर्शनी में वर्ष 1857 से 1947 तक के ऐतिहासिक दस्तावेजों, छायाचित्रों और दुर्लभ प्रमाणों को प्रदर्शित किया गया। इसमें 1857 की क्रांति में वीर सेनानियों जैसे झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, मंगल पांडे, नानासाहेब पेशवा, कुंवर सिंह जैसे योद्धाओं की तस्वीरें और उनके संघर्ष को दर्शाया गया। साथ ही 1857 को मेरठ में हुए विद्रोह, 19 अगस्त 1857 को हिसार जिले के नागौरी गेट पर स्वतंत्रता सेनानियों और ब्रिटिश सेना के बीच हुए संघर्ष की दुर्लभ छवियां प्रस्तुत की गईं। हिसार के दादा गणेश लाल की, गांधीवादी नेता बलवंत राय तायल, महान देशभक्त लाला हरदेव सहाय की राष्ट्रीय आंदोलन में भूमिका, 1938 की नेताजी सुभाष चंद्र बोस की हिसार यात्रा व हिसार जिले की जानकारी देते हुए छायाचित्र दर्शाए गए। इस दौरान जिनमें आजादी की लड़ाई में भाग लेने वाली स्थानीय वीरांगनाओं के योगदान को दर्शाया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्रो. डॉ गुरमीत ने किया। प्रदर्शनी का समापन 22 मार्च को होगा। उपस्थित जनसमूह ने प्रदर्शित दस्तावेजों और छायाचित्रों को सराहा और वीर सेनानियों के बलिदान को नमन किया। इस प्रदर्शनी में महाविद्यालय के शिक्षक डॉ राजेंद्र सेवदा, डॉ राजबीर सिवाच, डॉ. विष्णु राम, डॉ मीना, डॉ. सुनील कुमार, डॉ आत्माराम, डॉ निर्मला, डॉ सुनीता, प्रो. मनोज कुमार, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion