अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने INS तारिणी की जांबाज महिला क्रू से की बातचीत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नाविका सागर परिक्रमा-2 की जांबाज महिला क्रू से बातचीत की
News

2025-03-08 12:27:39

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नाविका सागर परिक्रमा-2 की जांबाज महिला क्रू से बातचीत की। इस दल ने आईएनएस तारिणी से दुनिया का चक्कर लगाने का साहसिक सफर पूरा किया है। रक्षा मंत्री सिंह ने इन जांबाज महिलाओं की अटूट हिम्मत, संयम और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन समुद्री परिस्थितियों में हजारों समुद्री मील की यात्रा करते हुए उन्होंने नारी शक्ति की मिसाल पेश की है। उन्होंने इस साहसिक अभियान की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि पूरा देश इन वीरांगनाओं की उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर रहा है। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर, मैंने नाविका सागर परिक्रमा – 2 के जांबाज क्रू से बातचीत की। आईएनएस तारिणी पर सवार होकर दुनिया भर की परिक्रमा करने की चुनौती का सामना करते हुए उनकी साहसिक यात्रा नारी शक्ति की एक मिसाल है। हजारों समुद्री मील की यात्रा करते हुए, कठिन समुद्री परिस्थितियों के दौरान उनकी अटूट दृढ़ता, शांत व्यवहार और दृष्टिकोण आज महिलाओं की असाधारण क्षमताओं का उदाहरण है।” उन्होंने कहा कि एक गौरवशाली देश के तौर पर हम उनकी अद्वितीय उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं और इस उल्लेखनीय अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए उन्हें दिल से शुभकामनाएं देते हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही महिलाओं के लिए कई घोषणाएं भी की गई हैं। बता दें कि नाविका सागर परिक्रमा II (एनएसपी II) भारतीय नौसेना की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य दो महिला चालक दल के माध्यम से दुनियाभर की यात्रा करना है। एनएसपी II समुद्री और रक्षा क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने व उनकी नेतृत्व तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के भारत के संकल्प का प्रतीक है। भारतीय नौसेना की दो महिला अधिकारियों वाले चालक दल ने इस प्रतिष्ठित यात्रा को शुरू करने से पहले नेविगेशन, मौसम प्रबंधन और महासागर में जीवित रहने की तकनीकों का कठोर प्रशिक्षण लिया था, जिसे 02 अक्टूबर, 2024 को गोवा में नौसेना प्रमुख द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। गौरतलब हो कि पूरी दुनिया में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के लिए समर्पित होता है। इस वर्ष एक्सलरेट एक्शन थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत 1908 में अमेरिका के न्यूयॉर्क से हुई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे अन्य देशों ने भी इसे मनाना शुरू किया। संयुक्त राष्ट्र ने 1975 में इसे मान्यता दी, जिसके बाद 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाने लगा।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion