2026-08-05 03:17:13
रामपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सिविल सर्विसेज खेलों के जिला, मंडल और प्रदेश स्तरीय चयन एवं ट्रायल का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उप क्रीड़ाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि राज्य कर्मचारियों के कल्याण, खेलों के विकास और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ट्रायल अब नई तिथियों पर कराए जाएंगे। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जनपद स्तरीय चयन एवं ट्रायल 13 अगस्त, मंडल स्तरीय 18 और 19 अगस्त तथा प्रदेश स्तरीय ट्रायल 24 और 25 अगस्त 2026 को आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से पात्र राज्य कर्मचारी खिलाड़ियों को समय से सूचना देकर प्रतिभाग सुनिश्चित कराने की अपील की है। उप क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि ट्रायल में केवल नियमित राज्य सरकारी कर्मचारी ही भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को राज्य कर्मचारी होने का प्रमाण-पत्र तथा संबंधित कार्यालयाध्यक्ष द्वारा जारी रिलीविंग प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रायल में भाग लेने वाले कर्मचारियों को सरकारी ड्यूटी पर माना जाएगा तथा यात्रा भत्ता और अन्य देयकों का भुगतान संबंधित विभाग करेगा। परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत, पुलिस विभाग तथा अध्यापक और सहायक अध्यापक इस चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग के पात्र नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए इच्छुक कर्मचारी जिला क्रीड़ा कार्यालय, रामपुर से संपर्क कर सकते हैं।