2026-08-04 05:05:48
रामपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर रामपुर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। जनपद स्तरीय महिला सुरक्षा दल एवं सभी थानों की महिला पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन 1090, 181, 112 और 1098 की जानकारी दी। अभियान के दौरान घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर एवं ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे मामलों में तत्काल शिकायत दर्ज कराने और कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया। महिला सुरक्षा दल ने पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य जागरूकता सामग्री वितरित कर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की प्रताड़ना होने पर बिना भय के पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया।