2025-04-01 15:26:29
सुमेरपुर हमीरपुर। नवंबर माह से अब तक मनरेगा मजदूरों को मजदूरी न मिलने से होली के बाद अब उनके नवरात्र भी सूने है। रामनवमी पर्व के बाद धनराशि आने की संभावना जताई गई है। ब्लाक की सभी ग्राम पंचायतों में मजदूरों का चार करोड़ 25 लाख का बकाया है। गत वर्ष अक्टूबर माह तक मजदूरी मनरेगा योजना के मजदूरी के खाते में 11 नवंबर को भेजी गई थी। इसके बाद पांच माह से एक धेला भी मजदूरों के खाते में नहीं भेजा गया। जिससे मनरेगा मजदूरों के घरों के चूल्हे ठंडे पड़े हैं। होली के बाद इनके घरों में नवरात्र पर्व रामनवमी का उत्साह भी ठंडा है। मजदूरी का पैसा समय पर नहीं आने के कारण ग्राम प्रधान भी इस योजना के तहत कोई कार्य नहीं कराना चाहते हैं। यही कारण है कि तमाम पंचायतों में इस योजना का कोई बड़ा कार्य नहीं हो रहा है और गांव के मजदूरों को मनरेगा योजना के बजाय दूसरे कार्यों पर आश्रित होने को मजबूर होना पड़ता है। एपीओ मनरेगा विकास चंद्र ने बताया कि दिसंबर में मजदूरों के खाते में पैसा भेजा गया था। डिमांड लगी हुई है धनराशि शासन से सीधे आती है। 10 अप्रैल के बाद शासन से धनराशि आने की उम्मीद जताई गई है। उन्होंने बताया कि मजदूरी का 4 करोड़ 25 लाख रुपए बकाया है।