2023-09-07 13:58:24
सैदनगर (रामपुर)। सैदनगर क्षेत्र के आलियागंज गांव में तेंदुआ देखे जाने के बाद दहशत फैल गयी है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ जौहर यूनिवर्सिटी के पास सड़क से गुजर रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने देखा। तेंदुआ दिखाई देने के बाद से लोग डरे हुए हैं। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के आसपास बीते एक महीने से तेंदुआ देखा जा रहा है। वन विभाग की टीम ने भी तेंदुए को पकड़ने के लिए स्टेडियम और उसके आसपास पिंजर लगाए थे, लेकिन अभी तक तेंदुआ वन विभाग को भी चकमा दे रहा है। सींगनखेड़ा के मझरा आलियागंज में तेंदुआ फिर से देखा गया। सोमवार देर रात गांव के कुछ युवाओं ने सड़क पर तेंदुए को देखा तो होश उड़ गए। इस दौरान कुछ युवाओं ने फोटो खींच ली। तेंदुए का फोटो वायरल होने से आसपास के गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने अपने बच्चों को खेतों की ओर नहीं जाने दिया। किसान भी टोलियां बनाकर खेत पर जा रहे हैं। सूचना पर मंगलवार को वन विभाग की टीम ने कांबिंग भी की, तेंदुआ का पता नहीं चला।