2025-03-09 15:20:06
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। महिला सुरक्षा एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति प्रयास थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ एवं प्रमन (PRAMAN) फाउंडेशन के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जयप्रकाश यादव ने की। इस अवसर पर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां, सोनीपत के मानव संसाधन विकास केंद्र की निदेशक डॉ. शेफाली नागपाल मुख्य वक्ता रही। प्रमन फाउंडेशन से एडवोकेट मंजू हथगांवकर एवं हिताची कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर श्री प्रमोद इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रोफेसर रोमिका बत्रा ने सभी मेहमानों का स्वागत किया। एडवोकेट मंजू हथगांवकर ने सभी विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया। डॉ. शेफाली नागपाल ने कहा कि आज समाज को महिलाओं के प्रति सोच बदलने की जरूरत है। महिलाओं को स्वयं भी अपने प्रति हीन भावना से ऊपर उठकर अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानने की आवश्यकता है। इस विषय में समाज की सशक्त महिलाओं को दूसरी महिलाओं का साथ देना पड़ेगा तभी सशक्तिकरण का सपना सार्थक हो सकता है। आज वह समय नहीं है जब महिलाओं के निर्णय लेने की क्षमता पर किसी प्रकार का संदेह नहीं किया जा सकता। कुलपति प्रोफेसर जयप्रकाश यादव ने कहा कि आज के समय में महिलाएं किसी भी आधार पर पुरुषों से कम नहीं है। इस विषय में उन्होंने समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही अनेक सफल महिलाओं का उदाहरण भी दिया जो धरातल से उठकर आज सफलता की बुलंदियों को छू रही है। केवल वित्तीय रूप से सक्षम होना ही महिला सशक्तिकरण नहीं हो सकता आज सकारात्मक सोच के साथ एक दूसरे की प्रेरणा स्रोत बनकर समाज और स्वयं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। स्वयं महिलाओं में भी एक दूसरे को लेकर सम्मान का भाव विकसित होना जरूरी है। कुलपति ने होली के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं भी दी। कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग प्रोफेसर करण सिंह ने कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।