2025-03-11 17:35:00
पश्चिम रेलवे द्वारा 6 मार्च, 2025 से अपनी महिला कर्मचारियों के लिए आयोजित विभिन्न गतिविधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 को बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। 10 मार्च, 2025 को चर्चगेट स्थित पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय के गोडबोले हॉल में आयोजित एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समारोह का समापन हुआ। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र तथा पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती क्षमा मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का विषय “एक्सलरेट एक्शन” रहा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार समापन समारोह का मुख्य भाषण पश्चिम रेलवे की प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मंजुला सक्सेना ने दिया, जिन्होंने महिला सशक्तिकरण के महत्व और पश्चिम रेलवे में महिला कर्मचारियों द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान पर प्रकाश डाला। इसके बाद महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने ‘स्वयंसिद्धा’ नामक पुस्तक का विमोचन किया, जिसमें महिला कर्मचारियों के लिए आवश्यक और महत्वपूर्ण जानकारी के साथ-साथ जीवनशैली और स्वास्थ्य पर सुझाव और दिशानिर्देश दिए गए हैं। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिश्र ने उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों को एक प्रेरक भाषण दिया। उन्होंने कहा कि कैसे महिलाएँ विभिन्न क्षेत्रों में सर्वोच्च पदों पर पहुँची हैं और कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि महिला सशक्तिकरण की शुरुआत सबसे पहले घर से होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं और बालिकाओं के प्रति दृष्टिकोण और व्यवहार में बदलाव की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए। समापन समारोह में “पश्चिम रेलवे की नायिका” शीर्षक से एक विशेष वीडियो भी जारी किया गया। यह वीडियो पश्चिम रेलवे द्वारा रेडियो चैनल – फीवर 104 एफएम के सहयोग से बनाया गया है, यह वीडियो पश्चिम रेलवे की महिला कर्मचारियों की असाधारण सेवा को समर्पित है। वीडियो में महिला कर्मचारियों की प्रेरक शॉट हैं जो रेल यात्रियों के लिए एक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम करती हैं। पश्चिम रेलवे पर महिला दिवस समारोह के हिस्से के रूप में सुची महाडिक द्वारा एक कठपुतली शो भी आयोजित किया गया, जिसने अपने रंगारंग और आकर्षक प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन किया। डॉ. जैन्सी शेखर द्वारा कुर्सी योग पर एक सत्र भी आयोजित किया गया। इसके बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया और इसमें प्रमुख विभागाध्यक्षों, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन समिति की सदस्याएं, विभिन्न एसोसिएशनों और यूनियनों के प्रतिनिधियों, पश्चिम रेलवे की महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। महिला दिवस समारोह वास्तव में एक यादगार कार्यक्रम था, जिसमें मौज-मस्ती, स्वास्थ्य देखभाल आदि सभी गतिविधियों को शामिल किया गया था