2025-03-19 20:00:12
सोनीपत के गन्नौर में एक महिला के साथ उसके पति ने क्रूरता की हद पार कर दी। पति ने उसे बुरी तरह पीटा, 16 महीने की बेटी छीन ली और उसे मायके छोड़ दिया। पीड़िता का आरोप है कि पति के साथ ससुर उस पर बुरी नजर रखता था। पुलिस ने थाना गन्नौर में पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शास्त्री नगर गन्नौर निवासी महिला ने बताया कि 24 दिसंबर को फितोपारा निवासी पति विक्रम ने गाली-गलौज और मारपीट की। उसने बच्ची को अपने पास रखा और पत्नी को घर से निकाल दिया। पीड़िता के अनुसार शादी के एक महीने बाद से ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले ताने मारते थे। पति के काम पर जाने के बाद ससुर उसे गलत नजर से देखता और मुंह न ढकने की बात कहता था। पति को यह बताने पर उसने जान से मारकर नदी में फेंकने की धमकी दी। पुलिस ने पहले मामले को काउंसलिंग के लिए एडीआर सेंटर भेजा, लेकिन कोई हल नहीं निकला। जांच में पता चला कि विक्रम पिछले 6 महीने से अपने पिता जयकुंवर से अलग रह रहा है और ससुर की संलिप्तता नहीं पाई गई। पुलिस अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि विक्रम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।