2025-02-24 18:54:15
हथीन : हुड्डा सेक्टर-2 स्थित भाजपा कार्यालय पर हरियाणा सरकार के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता, खेल और कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम और जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया के नेतृत्व में आज इनेलो पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यवाहक जिला अध्यक्ष सतपाल देशवाल ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा पार्टी का दामन थाम लिया। खेल मंत्री गौरव गौतम और जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया ने सतपाल देशवाल को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर पवन अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन रामप्रकाश भी विशेष रूप से मौजूद थे। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पार्टी की नीतियों और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित होकर इण्डियन नेशनल लोकदल पार्टी के जिला अध्यक्ष सतपाल देशवाल ने विधिवत रूप से भाजपा पार्टी में शामिल हो गए है। उन्होंने कहा कि सतपाल देशवाल का भाजपा पार्टी में आने से पार्टी ओर मजबूत होगी और उनके जीवन के अनुभवों का लाभ पार्टी को होगा। गौरव गौतम ने कहा कि पलवल जिले में भाजपा पार्टी का परिवार लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश एवं समाज के उत्थान के लिए कार्य करता है। पलवल जिले के विकास के लिए रूपरेखा तय की जा रही है। जिले में आपसी भाईचारा और समरसता को बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जिले में भय का माहौल बनाया था लेकिन भाजपा की सरकार आने पर नकारात्मक राजनीति का दौर समाप्त हो रहा है। देश और हरियाणा प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को नकार दिया है।