2025-04-06 17:14:40
हिसार: पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक ताऊ देवीलाल की 24 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज इनेलो पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्थानीय टाऊन पार्क स्थित ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और हवन यज्ञ में आहुति डालकर उनके दिखाए हुए रास्ते पर चलने का प्रण लिया। इस दौरान सर्व धर्म प्रार्थना व सद्भावना सभा का भी आयोजन किया गया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिंदू, मुस्लिम, सिख व ईसाई धर्म के धर्माचार्य ने अपने अपने विचार रखे। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष सतपाल काजला ने कहा कि जननायक चौ. देवीलाल आज भी कमेरे व मेहनतकश लोगों के दिलों में बसते हैं। इसका मुख्य कारण उनके द्वारा समाज के इन वर्गों के लिए जीवन पर्यंत भलाई के कार्य किया जाना है। उन्होंने कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल ने 15 वर्ष की छोटी सी उम्र में ही अपना जीवन देश के नाम समर्पित करने का फैसला ले लिया था तथा पूरे जीवन उन्होंने समाज के कमेरे वर्ग के उत्थान के लिए संघर्ष किया। जब उन्हें महसूस हुआ कि सयुंक्त पंजाब में जब हिंदी भाषी क्षेत्र के साथ अन्याय हो रहा है तो उन्होंने अलग प्रदेश की मांग की। अलग प्रदेश की मांग करने पर उनके विरोधियो ने उन पर आरोप लगाया कि देवीलाल तो अलग प्रदेश बनाकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं तो उन्होंने हरियाणा प्रदेश बनाये जाने के बाद पहला विधानसभा चुनाव नहीं लडऩे की बात कहकर अपने विरोधियों की बोलती बंद कर दी। यही नहीं उन्होंने अपनी जुबान पर कायम रहते हुए पहला विधानसभा चुनाव ही नहीं लड़ा। इसी प्रकार जब 1989 में जनता दल की सरकार बनते समय उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की बात आई तो अपने वायदे के मुताबिक उन्होंने प्रधानमंत्री का ताज वीपी सिंह के सिर पर रख दिया। त्याग का ऐसा उदाहरण विश्व में दूसरा कहीं नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब चौ. देवीलाल इस प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो बिना किसी जातिगत भेदभाव के सभी वर्गों के लिए जनहितैषी योजनाएं बनाई जिससे समाज के सभी वर्गों को काफी फायदा हुआ। देश में पहली बार उन्होंने गरीब आदमी का कर्ज माफ किया और बुढ़ापा पेंशन लागू की जिसका अनुसरण करते हुए बाद में दूसरे प्रदेशो में भी इसको लागू किया गया। यही नहीं उन्होंने अपने शासनकाल में किसानों को अनेक मूलभूत सुविधाएं देकर उन्हें सक्षम बनाने की तरफ कदम बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज देश में जिस प्रकार का माहौल बना हुआ है उसको देखते हुए आज जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने की सबसे ज्यादा जरूरत है। इस अवसर पर चतर सिंह स्याहड़वा, सतबीर सिसाय, सुरेंद्र लांबा, एडवोकेट गंगाराम, एडवोकेट प्रदीप बाजिया, एडवोकेट विनोद कस्वां, एडवोकेट प्रमोद बागड़ी, डा. सतनारायण मंगाली, यशपाल गोदारा, होशियार खान, राजबीर खान, कृष्ण पंवार, तेलूराम सरपंच, राजबीर सिंधु, ललिता टाक, अन्नू सूरा, रामा जाखड़, सुभाष टाक, जंग बहादुर, मोनिका टूटेजा, शम्मी बरवाला, सुरेश बैरागी, जय सिंह सैनी, कंवल सिंह देपल, जयपाल भ्याण, मांगेराम नंबरदार, सत्यवान राजली, रामचंद्र बैनीवाल व जिला प्रवक्ता रमेश चुघ सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।