तीन दिन बाद हाईवे पर दौड़े बड़े वाहन, हापुड़ पुलिस की आपत्ति से फिर रुका ट्रैफिक

कांवड़ यात्रा के दौरान तीन दिन से बंद पड़े हाईवे पर सोमवार शाम बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू
News

2026-08-05 03:18:05

रामपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान तीन दिन से बंद पड़े हाईवे पर सोमवार शाम बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। हालांकि डायवर्जन हटाने के समय को लेकर रामपुर और हापुड़ पुलिस के बीच समन्वय में असहमति के चलते कुछ देर बाद ट्रैफिक फिर रोकना पड़ा। देर रात करीब नौ बजे स्थिति सामान्य होने पर दोबारा बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। सावन के प्रथम सोमवार के शांतिपूर्ण संपन्न होने और रामपुर में कांवड़ियों की संख्या कम होने के बाद पुलिस प्रशासन ने शाम करीब छह बजे डायवर्जन समाप्त कर हाईवे खोल दिया। लेकिन हापुड़ और ब्रजघाट क्षेत्र में कांवड़ियों की अधिक भीड़ होने के कारण हापुड़ पुलिस ने आपत्ति जताई, जिसके चलते बड़े वाहनों को दोबारा रोकना पड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि रामपुर में कांवड़ियों की संख्या कम होने पर ट्रैफिक खोला गया था, लेकिन हापुड़ पुलिस की आपत्ति के बाद कुछ समय के लिए वाहनों को रोकना पड़ा। समन्वय के बाद रात करीब नौ बजे फिर से हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया।

डायवर्जन के दौरान रामपुर-शाहबाद, रामपुर-बरेली और नैनीताल मार्ग पर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहे। जैसे ही ट्रैफिक खोला गया, पटवाई रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार सावन के दूसरे सोमवार को देखते हुए 7 अगस्त से 12 अगस्त तक दोबारा रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion