2023-07-10 15:10:45
बिहार: सुभाष चौक से रविवार को कांवरियों का जत्था विहिप नेता आशीष दांगी व मुकेश दांगी के नेतृत्व में देवघर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान कांवरियों ने सुभाष चौक स्थित दुर्गा व हनुमान मंदिर के साथ साथ प्रखण्ड के प्रसिद्ध लेम्बोइया मंदिर में पूजा अर्चना किया। जत्थे में विहिप व बजरंग दल के आठ सदस्य शामिल हैं वे सभी एक निजी पिकअप वाहन से बाबा धाम के लिए रवाना हुवे।
देवघर के लिए प्रखण्ड से कांवरियों का यह पहला जत्था निकला है। जत्थे में शामिल कांवरियों को विधायक प्रतिनिधि अरविन्द ठाकुर,समाजसेवी खुदनाथ राम,दीपेन्द्र प्रजापति आदी ने तिलक लगाकर शुभकामना देकर रवाना किया। जत्थे में शामिल कांवरिये पहली सोमवारी को सुबह सुल्तानगंज से जल लेकर पैदल यात्रा कर बाबा वैद्यनाथ काे जलाभिषेक करने के बाद बासुकीनाथ बाबा का जलाभिषेक करेंगे।
उसके बाद वे सभी बंगाल के तारा पीठ समेत अन्य धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के बाद वापस लौटेंगे। जत्था में शंकर दांगी,सुरेन्द्र प्रजापति, विक्रम कुमार, सचिन रजक,मनोज कुमार, सिकेंद्र कुमार आदि शामिल हैं। इस मौके पर पूरा वातावरण हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।