2025-04-11 21:53:27
गुरुग्राम 11 अप्रैल। हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को गुरुग्राम के सेक्टर 36 में प्रस्तावित ग्लोबल सिटी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, राज्य के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, तथा परियोजना से जुड़े अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि ग्लोबल सिटी को लगभग 1000 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रेजिडेंशियल, कमर्शियल, हेल्थकेयर, एजुकेशन और हरित क्षेत्र शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट हरियाणा को वैश्विक मानचित्र पर एक नई पहचान देगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले चरण में 587 एकड़ क्षेत्र में निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 940 करोड़ रुपये है। इस चरण का काम वर्ष 2026 तक पूरा होने की संभावना है। परियोजना में सड़कें, यूटिलिटी टनल और उच्च स्तरीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की क्षमता रखता है और 5 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इसकी दूरी मात्र 30 मिनट होगी, जो इसे वैश्विक निवेशकों और कंपनियों के लिए और भी आकर्षक बनाएगी। गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने कहा, “ग्लोबल सिटी केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि हरियाणा की आकांक्षाओं का प्रतीक है। यह परियोजना राज्य में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और स्मार्ट सिटी की अवधारणा को साकार करने का कार्य कर रही है।” उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के चलते हरियाणा निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट न केवल गुरुग्राम बल्कि पूरे हरियाणा के आर्थिक, सामाजिक और शहरी विकास को एक नई दिशा देगा। यह एक ऐसा विजनरी प्रयास है जो आने वाले वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदल देगा।