2023-11-02 13:13:02
(यूपी/मुजफ्फरनगर/गुलफ्शा कुरैशी)
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अनुमति से उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री सुधाकर सिंह कश्यप को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद के सदस्य नरेश उत्तम पटेल ने बुढाना विधानसभा क्षेत्र का संगठन प्रभारी नामित किया है और साथ ही उनसे आशा व्यक्त की है कि आपको विधानसभा क्षेत्र 11 बुढ़ाना का संगठन प्रभारी नामित किया गया है। समाजवादी पार्टी द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुसार आप अपनी आवंटित विधानसभा क्षेत्र में संगठन एवं चुनाव से सम्बंधित कार्यों को सम्पादित करायेंगे तथा वांछित रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय में प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करेंगे।
आपके द्वारा भेजी गई गोपनीय रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष समय से प्रस्तुत की जायेगी। दूसरी और उनकी इस नियुक्ति से बुढाना विधानसभा क्षेत्र के कश्यप समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। संभवतः बुढाना आगमन पर पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह कश्यप का भव्य स्वागत किया जायेगा। इसके लिए कश्यप समाज के लोगों ने तैयारी शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह कश्यप ने ही बुढाना में विगत वर्ष अखिलेश यादव को बुलाकर उनको अपनी ताकत दिखाई थी।