2023-12-23 12:21:09
हमीरपुर। राठ तहसील क्षेत्र के मझगवां थाना अंतर्गत झिंन्नावीरा गांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहे 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से झगड़ा कर मफलर के फंदे पर फांसी लगाकर अपने जीवन लीला को समाप्त कर लिया। घटना की जानकारी लगते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार महोबा जनपद के चरखारी थाना अंतर्गत भटेवरा कला गाँव का मूल निवासी 45 वर्षीय हरी सिंह पुत्र शम्भूदयाल जो कि बीते लगभग 16 वर्षों से राठ तहसील क्षेत्र के मझगवां थाना अंतर्गत झिन्नावीरा गाँव में स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। हरीसिंह का किसी घरेलू बात को लेकर अपनी पत्नी जयंती देवी से झगड़ा हो गया। जिसके बाद आक्रोश में आकर हरीसिंह ने मफलर के फंदे पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब परिजनों ने हरी सिंह को फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा तो उनके होश उड़ गए।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक हरीसिंह के नाम ग्राम भटेवरा कला में 7 बीघा कृषि भूमि थी। तथा अपनी ससुराल ग्राम झिंन्नावीरा में वह बटाई और बलकट पर खेती किसानी एवं पशुपालन आदि कर अपनी गुजर बसर करता था। जो कि अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। वहीं अचानक हुई यह घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। तथा मृतक की पत्नी जयंती देवी सहित भाई मदनगोपाल, रामसिंह व धनीराम सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मामले में मझगवां थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।