2025-03-19 20:42:11
किशनगंज | भारत दुनिया की सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बन चुका है, और बढ़ती जनसंख्या हमारे सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय संसाधनों पर गंभीर प्रभाव डाल रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जल एवं खाद्य सुरक्षा जैसे बुनियादी संसाधनों पर अत्यधिक दबाव के कारण गरीबी, बेरोजगारी और जीवन स्तर में गिरावट जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। यदि हमें एक विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत बनाना है, तो हमें जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि मातृ और शिशु मृत्यु दर में वृद्धि का भी कारण बनती है। परिवार नियोजन न केवल महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ मातृत्व के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे संतुलित विकास और सामाजिक समृद्धि भी सुनिश्चित होती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, 17 से 29 मार्च तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत बुधवार को सदर अस्पताल परिसर में परिवार नियोजन मेले का आयोजन किया गया।इसी क्रम में जिले के सदर अस्पताल में परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन नगर परिषद् किशनगंज के अध्यक्ष इन्द्रदेव पासवान एवं सिविल सर्जन डॉ. मंजर आलम ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मीडिया ब्रीफिंग का भी आयोजन किया गया, जिसमें सिविल सर्जन ने अभियान की रूपरेखा और महत्व को विस्तार से समझाया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. मंजर आलम, डीएस डॉ. अनवर हुसैन, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. उर्मिला कुमारी, डीपीएम, डीपीसी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पीएसआई एवं सहयोगी संस्था के प्रतिनिधि, और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। परिवार नियोजन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आमजन को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी - इन्द्रदेव पासवान नगर परिषद अध्यक्ष इन्द्रदेव पासवान ने जनसंख्या वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की सख्त जरूरत है। जब तक इस पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक संसाधनों का असंतुलन और गरीबी जैसी समस्याएँ बनी रहेंगी। उन्होंने आम जनता से इस कानून की मांग करने की अपील की और कहा कि परिवार नियोजन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आमजन को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। जब तक हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद स्वास्थ्य विभाग के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में हमेशा तत्पर रहती है। हमारे सहयोग से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।