दो बच्चों की मां चेतना सैनी के मुक्कों का आज भी नहीं है कोई मुकाबला

ससुराल पक्ष की ओर से बॉक्सिंग खेल में चेतन को सदा पूरा सहयोग मिला
News

2025-04-07 19:14:24

गुरुग्राम। समाज में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सब बातें और प्रयास करते हैं, लेकिन यहां एक परिवार ने बहु को खेल में आगे बढ़ाने के लिए सदा प्रेरित किया। वह भी बॉक्सिंग जैसे खेल में। यहां साउथ सिटी क्षेत्र स्थित सिलोखरा गांव की बहु चेतना सैनी ने शादी से पहले बॉक्सिंग में प्रवेश किया। शादी के बाद कुछ समय का ब्रेक दिया। दो बच्चे होने के बाद उन्होंने फिर से अपने प्रिय खेल को अपनाया है। चेतना सैनी को गुरुग्राम सैनी युवा जागृति मंच की ओर से सम्मानित किया गया। चेतना सैनी को सम्मानित करने के लिए गुरुग्राम सैनी युवा जागृति मंच की ओर से संरक्षक सूबे सिंह सैनी, सलाहकार महाबीर सैनी, संगठन सचिव गौतम सैनी, प्रधान गगनदीप सैनी, महासचिव हितेश सैनी, सचिव कुलवंत सैनी, केशव व विकास उनके आवास पर पहुंचे। सभी ने बॉक्सिंग के क्षेत्र में चेतना सैनी के उज्जवल भविष्य की कामना की। चेतना सैनी के पति बिजनेसमैन हैं। ससुराल पक्ष की ओर से बॉक्सिंग खेल में उन्होंने सदा पूरा सहयोग और समर्थन मिला है। मेडल जीतने पर तो परिवार ने खुद आगे आकर उन्हें खेलने के लिए प्रेरित किया। शादी के बाद खेल महाकुंभ में गोल्ड मेडल जीता चेतना सैनी ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुग्राम की बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भूषण सैनी, कोच धर्मबीर ठाकरान व विजय गौड़ को दिया, जिन्होंने हर समय उन्हें इस खेल में सहयोग व प्रशिक्षण दिया। चेतना सैनी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2008 में बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। वर्ष 2012 तक उन्होंने जूनियर नेशनल चैंपियनशिप खेली थी। इसके बाद उनकी शादी हो गई। शादी के बाद उन्होंने अपने खेल को ब्रेक दे दिया। उनके अब दो बेटे हैं। एक 10 साल का व एक 9 साल का है। शादी के पांच साल बाद बच्चों की परवरिश करते हुए उन्होंने फिर से खेल की शुरुआत की। वर्ष 2023 में उन्होंने कैथल में हुए खेल महाकुंभ में गोल्ड मेडल जीता। वर्ष 2024 में ग्रेटर नोएडा में खेलो इंडिया में ब्रॉन्ज मेडल जीता। बॉक्सिंग रिंग में एक के बाद एक जीते मेडल चेतना सैनी हाल ही में हैदराबाद में प्रोफेशनल बॉक्सिंग में खेलकर लौटी हैं। वहां अपनी प्रतिद्वंदी खिलाड़ी पर वे भारी पड़ीं। इस प्रतियोगिता का परिणाम अभी होल्ड किया गया है। हालांकि खेल नियम के हिसाब से उनकी जीत पक्की है। क्योंकि अगर खेल में एक खिलाड़ी के मुंह पर चोट में एक टांका आए तो सामने वाले खिलाड़ी को विजयी घोषित कर दिया जाता है। ऐसे में परिणाम चेतना सैनी के पक्ष में आने की उम्मीद है। इससे पहले हुए खेलो इंडिया के तहत अमेचर ओपन टूर्नामेंट में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता। गुरुग्राम में जीएमडीए की ओर से हुई खेल प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। इस प्रतियोगिता में उन्हें बेस्ट बॉक्सर का खिताब भी दिया गया। चार साल पहले हरिद्वार में हुई नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। वर्ष 2021, 2022 व 2023 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीते। वर्ष 2023 में ही हरियाणा खेल महाकुंभ में उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर नाम रोशन किया।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion