2026-02-03 14:59:58
रेवाड़ी। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि देश के सबसे बड़े वोट चोर आज वोट चोरी-वोट चोरी चिल्ला रहे हैं। 2019 में भाजपा के साथ जाने पर बहुत से लोग विचलित हो जाते है। उस समय अगर मैं भी विचलित होता तो आज दिल्ली-मुबंई कॉरिडोर और रेवाड़ी का साउथ बाइपास नहीं होता। तीन हजार बुढापा पेंशन, पंचायतों में महिलाओं का 33 प्रतिशत आरक्षण और इंडस्ट्री में स्थानीय युवाओं के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण भी नहीं होता। जजपा 13 मार्च को हांसी में प्रदेश स्तरीय युवा यौदा रैली करेगी। उन्होंने सोमवार को रेवाड़ी अनाज मंडी में आयोजित युवा यौदा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
देवीलाल को हराया और सत्ता भी छीनी
दुष्यंत चौटाला ने बिना नाम लिए राहुल गांधी और कांग्रेस को वोट चोरी पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रोहतक लोकसभा से 382 वोटों से देवीलाल को हराया। देवीलाल के पास बहुमत होते हुए कांग्रेस ने राज्यपाल के जरिए भजनलाल को प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया। आज तक प्रदेश में इससे बड़ी वोट चोरी नहीं हुई।
रेवाड़ी में तीन बार वैरिफिकेश, लाडवा में एक बार भी नहीं
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा की नायब सैनी सरकार भेदभाव कर रही है। फसलों के मुआवजे के लिए रेवाड़ी में तीन बार वैरिफिकेश होने के बाद भी किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिली। लाड़वा और अंबाला में बिना वैरिफिकेशन के ही मुआवजा वितरित कर दिया गया।
यूजीसी हायर एजुकेशन संस्थाओं के खिलाफ हथियार
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार हायर एजुकेशन संस्थाओं को बंद करने के इरादे से UGC लेकर आई थी। जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने पहली सुनवाई में ही रोक लगा दी। केंद्र की योजना देश की सभी यूनिविर्सिटी और हायर एजुकेशन संस्थानों को अपने अधीन लेने की है।
अब सरपंचों को केंद्र से लेनी होगी अनुमति
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलने से महात्मा गांधी का नाम देश से खत्म नहीं होगा। जीआरजी का असली उद्देश्य मनरेगा को बंद करना था।
प्रदेश सरकारों की हिस्सेदारी बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने से यह योजना समय के साथ खुद बंद हो जाएगी। इनता ही नहीं अब योजना के तहत काम करने के लिए सरपंचों को भी केंद्र से अनुमति लेनी होगी।
जैसा केंद्र, वैसा ही प्रदेश का बजट होगा
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि केंद्र ने अपने बजट में शहरों को हजारों करोड़ रुपये दिए हैं। गांवों और किसानों के लिए बजट में कुछ नहीं है। हरियाणा को कुछ नहीं मिला और 2022 में स्वीकृत योजनाओं को आगे बढ़ाया है।
फर्जीवाड़ा रोकेगे युवा योद्धा- महिला सखी
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि एसआईआर में चुनाव का आयोग का फर्जीवाड़ा पार्टी कार्यकर्ता ही रोक सकते है। जल्द ही पार्टी बीएलओ टू नियुक्त करेंगी। महिला पदाधिकारी प्रत्येक गांव में महिला सखी तैयार करें। जिससे गांव और बूथ स्तर पर वोटों में फर्जीवाड़े को प्रभावी तरीके से रोका जा सके।