2025-04-01 21:02:01
कुरारा,हमीरपुर। विकास खंड क्षेत्र के रघवा गांव में नलकूप चालक चरणसिंह यादव की लापरवाही के चलते लोगो को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वह विद्युत आपूर्ति रहने के दौरान भी पानी की सप्लाई मनमर्जी से करता है। जिससे ग्रामीणों को समय से पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। क्षेत्र के रघवा गांव में पेयजल आपूर्ति करने के लिए एकल नलकूप लगाया गया है। इस नलकूप से गांव के लोगो को सुबह शाम पेयजल आपूर्ति मिलती है। ग्राम प्रधान प्रियंका निषाद व छुटकू, लल्लू, पप्पू आदि ने बताया कि नलकूप चालक चरणसिंह यादव अपनी मनमर्जी से पानी की सप्लाई देता है। विद्युत आपूर्ति रहने के बावजूद भी पानी नहीं दे रहा है। इस से लोगो को समय से पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। गर्मी का मौसम होने के कारण दोनो समय सुबह व शाम पानी की जरूरत रहती है। ग्राम प्रधान प्रियंका निषाद ने बताया कि नमामि गंगे के तहत डाली गई लाइन में कभी पानी नही आता बाकी की जो पुरानी लाइन है वो ऑपरेटर के मनमर्जी से चलती है। ग्रामीणों ने समय से पेयजल आपूर्ति कराए जाने की मांग की है।