अटल साहित्य शिरोमणि सम्मान से अलंकृत हुए मिलक के डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा

हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार और शोधपरक लेखन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, शुभचिंतकों में खुशी
News

2026-08-04 04:51:52

मिलक (रामपुर) साहित्य और हिंदी भाषा की सेवा में निरंतर योगदान दे रहे मिलक निवासी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा को “अटल साहित्य शिरोमणि सम्मान-2026” से अलंकृत किया गया। बरेली में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें माला पहनाकर, उत्तरीय ओढ़ाकर और सम्मान-शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने की खबर से उनके शुभचिंतकों, साहित्य प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अखिल भारतीय साहित्य परिषद, बृज प्रांत की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध साहित्यिक आयोजन का भव्य कार्यक्रम 2 अगस्त 2026 को रानी महालक्ष्मी बाई सरस्वती विद्या मंदिर, गांधीनगर, बरेली में आयोजित किया गया। समारोह में परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. पवन पुत्र बादल, प्रांतीय अध्यक्ष एवं साहित्य भूषण से सम्मानित सुरेश बाबू मिश्र तथा विद्योत्तमा फाउंडेशन, नासिक (महाराष्ट्र) के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार सुबोध मिश्रा ने डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा को सम्मानित किया।

डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा को हिंदी के प्रचार-प्रसार, हिंदी साहित्य की सेवा और साहित्यिक गतिविधियों में सतत सक्रियता के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। उनके समसामयिक विषयों पर आधारित शोधपरक लेख और संपादकीय आलेख हर माह प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में प्रकाशित होते रहते हैं। इसके अलावा दूरदर्शन और आकाशवाणी से समय-समय पर उनके साक्षात्कार, कविताओं और विचारपरक वार्ताओं का प्रसारण भी होता रहा है। भारतीय संस्कृति में निहित अध्यात्मपरक वैज्ञानिकता को शोध और तर्क के माध्यम से सामने लाने के लिए डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा की विशेष पहचान है। समसामयिक विषयों पर उनके शोधपरक लेखन और भारतीय संस्कृति के वैज्ञानिक पक्ष के विश्लेषण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है।

परिषद की ओर से पिछले छह वर्षों से प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश बाबू मिश्र के नेतृत्व में अटल साहित्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रधर्म के संपादक, ओजस्वी कवि, विश्व प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार और देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जुड़े इस सम्मान को प्राप्त करना डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मान मिलने पर क्षेत्र के साहित्यकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और उनके शुभचिंतकों ने डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion