2025-04-28 19:02:50
सुमेरपुर हमीरपुर। पचपुरा बुजुर्ग में दस दिन पूर्व फांसी लगाकर आत्महत्या करके जान गवांने वाली नवविवाहिता के पिता ने पति, जेठ, जेठानी के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। थानाक्षेत्र के कैथी गांव के निवासी छिद्दू ने मुकदमा दर्ज करते हुए बताया कि उसने अपनी पुत्री अंजना का विवाह पचखुरा बुजुर्ग निवासी संजय अनुरागी के साथ 13 दिसम्बर 2024 को किया था। समर्थ के अनुसार दान दहेज दिया था। शादी के बाद से ही पति, जेठ, जेठानी का दहेज लाने का ताना देकर पुत्री को परेशान करते थे और दहेज में 2 लाख नगद एवं बाइक की मांग कर रहे थे। गत 18 अप्रैल को पति संजय कुमार, जेठ उदित नारायण, जेठानी जय देवी ने पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करके मारकर फांसी में टांग दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति, जेठ, जेठानी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके पति को हिरासत में लिया है।